डीएलएड की 2.39 लाख सीटों पर प्रवेश को बढ़ेगी अंतिम तिथि
प्रयागराज में डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन (डीएलएड) की 2.39 लाख सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जा रही है। 112136 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 99411 ने फीस जमा की है। सचिव ने आवेदन की तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया है क्योंकि बहुत से विश्वविद्यालयों ने स्नातक परिणाम नहीं घोषित किए हैं।
प्रयागराज। डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन (डीएलएड) प्रशिक्षण सत्र 2026 की 2.39 लाख सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाएगी। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने आठ जुलाई तक आवेदन मांगे थे और फीस जमा करने की आखिरी तारीख नौ जुलाई तय की थी। तय समय तक 112136 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है जबकि गुरुवार शाम तक 99411 ने फीस जमा करते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली थी। प्रदेश के 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की 10600 एवं 3304 निजी एवं अल्पसंख्यक कॉलेजों की 2,28,900 कुल 2,39,500 सीटों के सापेक्ष आधे से कम आवेदन होने पर सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी राजेन्द्र प्रताप ने शासन से आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया है।
आवेदन की संख्या कम होने के पीछे प्रमुख कारण है कि कई राज्य विश्वविद्यालयों ने स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित नहीं किया है। इस संबंध में कई अभ्यर्थियों ने प्रत्यावेदन भी दिया है। पिछले साल सवा लाख अभ्यर्थियों ने डीएलएड में दाखिले के लिए आवेदन किया था।


