बीएड विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र आयोजित
डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने बीएड विद्यार्थियों के लिए 'टिप्स टू फेस इंटरव्यू' विषय पर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया। मुख्य वक्ता रजनी शेखर ने आत्मविश्वास बनाए रखने, साक्षात्कार में प्रश्नों के उत्तर देने और पेशेवर व्यवहार पर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। इस सत्र ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्लेसमेंट सेल द्वारा बीएड विद्यार्थियों के लिए “टिप्स टू फेस इंटरव्यू” विषय पर एक विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी प्लेसमेंट और साक्षात्कार के लिए मानसिक रूप से तैयार करना तथा पेशेवर व्यवहार से जुड़ी जरूरी बातें समझाना था। कार्यक्रम में डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल की पूर्व प्राचार्या रजनी शेखर मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपने लंबे शैक्षणिक अनुभव के आधार पर विद्यार्थियों को इंटरव्यू के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने, सामान्य प्रश्नों के प्रभावी उत्तर देने और अपनी योग्यताओं को सही तरीके से प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।
उन्होंने प्रोफेशनल एटीकेट, ड्रेसिंग और बॉडी लैंग्वेज के महत्व पर भी विशेष प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सिद्धि जालान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इंशा सिद्दीकी द्वारा प्रस्तुत किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, उप-प्राचार्या डॉ. पामिला घोष दत्ता, मेंटर डॉ. जूही समर्पिता और प्लेसमेंट सेल की प्रभारी मौसमी दत्ता के मार्गदर्शन में यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।

