दिनदहाड़े मवेशी व्यापारी से 35 हजार लूटे, विरोध करने पर मारी गोली
जदिया में एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े मवेशी व्यापारी से 35 हजार रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार दी। घायल युवक को तुरन्त अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जदिया, निज संवाददाता पुलिस चौकसी को धता बताते हुए एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने शनिवार को दिनदहाड़े मवेशी व्यापारी से 35 हजार रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चलाकर व्यापारी को जख्मी कर दिया। घटना जदिया-त्रिवेणीगंज एनएच मुख्य मार्ग पर तमकुलहा पुल के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुई। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ प्राची कश्यप ने बताया कि घायल की कमर पर गहरा जख्म है। जख्म को देखने से प्रतीत होता है कि गोली कमर को छूते हुए निकली है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के शिवपुर गढ़िया वार्ड सात निवासी मो. सोनू खां (21) अपने भाई मो. खुर्शीद आलम के साथ त्रिवेणीगंज के शनिचर हाट में बकरी बेचने गए थे। बकरी बेचने के बाद दोनों भाई बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तमकुलहा पुल के पास पीछे से पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी। बदमाशों ने हथियार के बल पर दोनों भाइयों से रुपये छीन लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सोनू को गोली मार दी। गोली कमर को छूते हुए निकल गई। इसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली। उन्होंने जदिया थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
- रुपये छीनने का विरोध करने पर मार दी गोली
घायल सोनू खां ने बताया कि वह अपने भाई खुर्शीद आलम के साथ बकरी बेचकर घर लौट रहा था। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। तमकुलहा पुल के पास पहुंचते ही पीछे से एक पल्सर बाइक पर तीन युवक आए और ओवरटेक कर उनकी बाइक को घेर लिया। तीनों के हाथ में हथियार थे। सोनू के अनुसार, बदमाशों ने हथियार दिखाकर रुपये निकालने को कहा। इसके बाद उसके पास रखे 30 हजार रुपये और उसके भाई के पास रखे पांच हजार रुपये छीन लिए। रुपये छीनने का विरोध करने पर एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली कमर को छूते हुए निकल गई। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद तीनों बदमाश बाइक से तेजी से भाग निकले.


