‘रन फॉर डीएवी’ में दौड़ा विद्यालय परिवार
जमुआ के डीएवी पब्लिक स्कूल में गांधीजी और शास्त्रीजी की जयंती पर ‘रन फॉर डीएवी-रन फॉर फन’ आयोजित किया गया। दो किलोमीटर की दौड़ में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया, स्वास्थ्य और एकता का संदेश दिया। प्रधानाचार्य ने महान नेताओं के आदर्शों की सराहना की और कार्यक्रम को सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के अभियान के रूप में वर्णित किया।

जमुआ, प्रतिनिधि। जमुआ के बाटी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘रन फॉर डीएवी-रन फॉर फन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब दो किलोमीटर की दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, अनुशासन, एकता, शांति और खेल भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य बिश्वनाथ घोषाल ने दोनों महापुरुषों के जीवन और आदर्शों को याद करते हुए कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी का जीवन सत्य, सादगी, ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
शास्त्रीजी का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर डीएवी’ केवल दौड़ का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास, अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का अभियान है। उन्होंने बताया कि गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर देशभर के एक हजार से अधिक डीएवी विद्यालयों में एक साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

