शास्त्री द्वितीय चक्र की मेधा सूची प्रकाशित
दरभंगा संस्कृत विवि में शास्त्री प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 के नामांकन के लिए द्वितीय चक्र की मेधा सूची बुधवार को प्रकाशित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को तीन से सात सितंबर तक नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्हें अपने आवंटित महाविद्यालय में उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा।

दरभंगा, नगर संवाददाता। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विवि में शास्त्री प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026- 30 में नामांकन के लिए द्वितीय चक्र की मेधा सूची बुधवार को प्रकाशित कर दी गई है।
नामांकन की प्रक्रिया
इस चक्र में चयनित अभ्यर्थी तीन से सात सितंबर तक अपने आवंटित महाविद्यालय में जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नामांकन करा सकेंगे। डीएसडब्ल्यू प्रो. पुरेन्द्र वारिक ने कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय के आदेशानुसार नामांकन संबंधी गाइडलाइन जारी कर दी है। यह जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ. निशिकांत ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर आवंटित महाविद्यालय में उपस्थित होकर अपने शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन कराना होगा। तभी संबंधित छात्र अपने आईडी से ऑनलाइन नामांकन शुल्क भुगतान कर पाएंगे। चयनित छात्रों को नामांकन की निर्धारित तिथि का विशेष ध्यान रखना होगा और समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लेनी होगी।
महाविद्यालय की जानकारी प्राप्त करना
निर्धारित अवधि में नामांकन को लेकर किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो, इसके लिए छात्रों को समय रहते अपने आवंटित महाविद्यालय की जानकारी प्राप्त कर वहां संपर्क करने की सलाह दी गई है। विशेष कार्य पदाधिकारी (शैक्षणिक) डॉ. रामसेवक झा ने कहा कि द्वितीय चक्र की मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थी विवि की वेबसाइट के माध्यम से अपने आवंटित महाविद्यालय की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित अवधि में नामांकन लेना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि छात्रों को नामांकन के दौरान अपने सभी आवश्यक मूल प्रमाणपत्र एवं संबंधित दस्तावेज साथ लेकर जाना चाहिए, ताकि अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।


