डीएमसी में एमबीबीएस की 30 सीटें बढ़ाई गई
दरभंगा मेडिकल कॉलेज में नॅशनल मेडिकल कमिशन ने एमबीबीएस की 30 सीटें बढ़ा दी हैं। अब 2026 सत्र से 150 छात्रों का दाखिला होगा। आठ साल बाद सीटों की बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण कॉलेज परिसर में हर्ष का माहौल है। राज्य सरकार द्वारा भी इस संदर्भ में प्रयास जारी हैं।

संजय लाला,दरभंगा। दरभंगा मेडिकल कॉलेज में नेशनल मेडिकल कमिशन (एनएमसी) ने एमबीबीएस की 30 सीटें बढ़ा दी हैं। वर्षों बाद सीटों में इजाफा होने से कॉलेज परिसर में हर्ष का माहौल है। अब 2026 सत्र से कॉलेज में एमबीबीएस में 150 छात्रों का दाखिला लिया जाएगा। सीटों में बढ़ोतरी के लिए संस्थान को आठ साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। बता दें कि वर्ष 2018 में एमबीबीएस की 30 सीटें बढ़ाई गईं थी। इसके बाद सीटों की संख्या 90 से 120 तक पहुंच गईं थीं। इसके बाद से कॉलेज प्रशासन की ओर से लगातार सीटों में और बढ़ोतरी करने का अनुरोध किया जा रहा था।
सूबे के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में से एक दरभंगा मेडिकल कॉलेज में सीटों की बढ़ोतरी के लिए राज्य सरकार की ओर से भी लगातार प्रयास किया जा रहा था।दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश चंद्र झा ने एमबीबीएस की 30 सीटें बढ़ाई जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आठ वर्ष के बाद सीटें बढ़ाई गईं। सीटों में बढ़ोतरी से कैंपस में हर्ष का माहौल है। बहरहाल सीटें बढ़ने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द से फैकल्टी की कमी को दूर किया जाएगा। खासकर फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग जहां असिस्टेंट प्रोफेसर के एक पद को छोड़कर प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर और ट्यूटर के सभी पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। इसे लेकर एनएमसी को ओर से कड़ी आपत्ति जताई जा सकती है।


