लखनऊ के आदर्श को मिला दामोदरश्री पुरस्कार
एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज और सारस्वत खत्री पाठशाला सोसायती द्वारा दामोदरश्री राष्ट्रीय अकादमिक विशिष्टता सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. जगमोहन सिंह राजपूत ने निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। अगली प्रतियोगिता का विषय ‘हर चीज की कीमत है’ रखा गया है।
एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज और सारस्वत खत्री पाठशाला सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को दामोदरश्री राष्ट्रीय अकादमिक विशिष्टता सम्मान समारोह-2026 का आयोजन हुआ। समारोह में निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस वर्ष निबंध का विषय ‘कोई तो बात चले’ था। मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. जगमोहन सिंह राजपूत ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के विजेता आईआईएम लखनऊ के आदर्श सिंह को दामोदरश्री खिताब के रूप में दो लाख रुपये का चेक, प्रमाणपत्र और ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सच्चे ज्ञान के लिए प्रेरणा और पूर्ण समर्पण जरूरी है। युवा प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें प्रोत्साहित करना ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए। समिति की सलाहकार समिति की सदस्य निर्मला टंडन ने कहा कि यह आयोजन प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच है। समारोह के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अरुण टंडन ने आयोजन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्राचार्या प्रो. लालिमा सिंह ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया। संचालन डॉ. रिया मुखर्जी और डॉ. सौम्या कृष्णा और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. रचना आनंद गौड़ ने किया।
निबंध प्रतियोगिता का परिणाम
- विजेता: आदर्श सिंह, आईआईएम लखनऊ, पुरस्कार दो लाख रुपये।
- प्रथम उपविजेता: देव देसाई, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़, एक लाख रुपये
- द्वितीय उपविजेता: शुभी तिवारी, जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज, 50 हजार रुपये।
- स्नातक वर्गीय सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी: मोहम्मद सुहैब, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, 30 हजार रुपये
- विशेष प्रविष्टि पुरस्कार : विश्वास नारायण तिवारी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली, 30 हजार रुपये
अगले वर्ष ‘हर चीज की कीमत है’ पर होगी प्रतियोगिता
अगले वर्ष 2027 की दामोदरश्री निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘हर चीज की कीमत है’ घोषित किया गया। इस अवसर पर प्रो. सरला राजपूत, प्रो. अलका अग्रवाल, अमित खन्ना, दिलीप मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।


