कैनाल कर्मचारी को पाक्सो और एससीएसटी एक्ट में कैद
विशेष जज पॉक्सो एक्ट ने दलित महिला की मानसिक मंदित नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ के मामले में दोषी रोहित शर्मा को पांच साल की सजा दी। कोर्ट ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और आधी राशि पीड़िता को देने का आदेश दिया। घटना 12 फरवरी 2020 की है।

दलित महिलाकर्मी की मानसिक मंदित नाबालिग बेटी से सरेशाम छेड़छाड़ कर जातिसूचक गालियां देने के मामले में विशेष जज पॉक्सो एक्ट तृतीय नम्रता अग्रवाल की विशेष कोर्ट ने फैसला सुना दिया। विशेष कोर्ट ने दोषी कैनाल कर्मी रोहित शर्मा को सश्रम पांच साल की कैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और जुर्माने की आधी राशि पीड़िता को देने का आदेश दिया है। विशेष लोक अभियोजक सुभव मिश्रा ने बताया कि कोतवाली में कैनाल विभाग की दलित महिला कर्मचारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 12 फरवरी 2020 की शाम साढ़े सात बजे वह कैनाल कालोनी से बेटी के साथ सर्किट हाउस चौराहे पर सामान खरीदने आई थी।
सरकारी क्वार्टर में उसकी वृद्ध बीमार सास और मानसिक मंदित नाबालिग बेटी थी। कैनाल विभाग का कर्मचारी रोहित शर्मा भी कालोनी में रहता है। वह उसके क्वार्टर में घुस आया और उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की। विरोध पर आरोपी ने बेटी के कपड़े फाड़कर जातिसूचक गालियां दी। कोतवाली पुलिस में कैनाल कर्मचारी रोहित शर्मा के खिलाफ पॉक्सो और एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की थी।

