गाय को पीटने का विरोध करने पर भाइयों को पीटा
बलरामपुर के हज्जीपुरवा गांव में एक दलित व्यक्ति और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है जब उन्होंने पड़ोसी द्वारा गाय को डंडे से मारने का विरोध किया। आरोप है कि पड़ोसी ने जातिसूचक शब्दों का उपयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बलरामपुर, संवाददाता। हर्रैया थाना क्षेत्र के हज्जीपुरवा गांव में गाय को डंडे से पीटने का विरोध करने पर दलित व्यक्ति व उसके भाई के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पड़ोसी पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित शिव कुमार पुत्र समपत पासवान निवासी हज्जीपुरवा के मुताबिक 24 अगस्त की रात करीब नौ बजे पड़ोसी मेंहदी हसन पुत्र भाई लाल उसकी गाय को डंडे से मार रहा था।
शिव कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि डंडे और घूंसे से हमला करने के साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर शिव कुमार का भाई संजय मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि पड़ोसी आए दिन मांस-मछली खाने के बाद उसकी हड्डियां उनके घर के सामने फेंक देता है। इसी बात को लेकर कई बार कहासुनी और विवाद हो चुका है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। मुख्य आरक्षी अखिलेश यादव की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद 25 अगस्त को आरोपी मेंहदी हसन के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


