अस्पताल संचालक से थूक चटवाने के मामले में मुकदमा दर्ज
राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक दलित अस्पताल संचालक के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित सिद्धान्त कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे बंधक बना कर थूक कर चटवाया और उसकी संपत्ति लूट ली। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

जहांगीरगंज,संवाददाता। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवरिया बाजार निवासी दलित अस्पताल संचालक के साथ मारपीट, लूट और जातिसूचक गाली देने एवं थूक कर चटवाने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ डकैती, मारपीट, धमकी और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम समेत आठ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर को सौंपी गई है। गुरुवार को देवरिया बाजार में अस्पताल का संचालन करने वाले बरियारपुर थाना मालीपुर निवासी सिद्धान्त कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि एक अक्तूबर की दोपहर करीब एक बजे अंकित पांडेय ने फोन कर उसे तेंदुआईकला अंडर पास पर बुलाया।
वहां पहुंचने पर अंकित उसे अपनी कार में बैठाकर अपने घर ले गया और उसकी कार दूसरे व्यक्ति राजा सिंह को दे दी। घर पहुंचने के बाद उसे बंधक बनाकर निर्वस्त्र किया गया और बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप है। पीड़ित के मुताबिक उसका मोबाइल जबरन छीन लिया गया। उसकी कार में रखे करीब 50 हजार रुपये और कार भी ले ली गई। आरोप है कि दोनों युवकों ने अस्पताल संचालक को थूक कर चटवाया भी। तहरीर के आधार पर राजेसुल्तानपुर पुलिस ने अंकित पांडेय और राजा सिंह के खिलाफ आठ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना सीओ आलापुर को सौंपी गई है। क्षेत्राधिकारी आलापुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

