दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी डेढ़ माह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर
दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी डेढ़ माह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर

सिकंदराबाद क्षेत्र में दुष्कर्म के प्रयास की शिकार दलित युवती को फैसला न करने पर हत्या की धमकी मिल रही है। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के डेढ़ माह बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस की शह के चलते आरोपी द्वारा लगातार पीड़िता व उसके परिजनों को फैसले का दबाव बनाने व जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने एसपी क्राइम से मिलकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
दुष्कर्म का प्रयास
सोमवार को सिकंदराबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता युवती अपने परिजनों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंची और यहां उसने एसपी क्राइम को शिकायती पत्र देकर बताया कि 27 जुलाई की सुबह जब वह घर पर अकेली थी, तभी गांव का ही आरोपी मोहित जबरन उनके घर में घुस आया था। आरोपी ने कमरे में खींचकर मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो-फोटो बनाते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया था। परिजनों के आने पर आरोपी जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए भाग गया था। मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर सिकंदराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले की जांच सीओ सिकंदराबाद कर रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज हुए लंबा समय बीत जाने के बावजूद सिकंदराबाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। गिरफ्तारी न होने के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह पीड़ित परिवार पर केस वापस लेने और फैसला करने का लगातार दबाव बना रहा है। फैसला न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने और युवती को उठाने की धमकी दी जा रही है, जिससे पीड़ित परिवार गंभीर दहशत में जीवन जीने को मजबूर है। एसपी क्राइम ने मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


