एसपी के निर्देश पर दलित परिवार पर हमले में पांच पर केस
बलरामपुर के तुलसीपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव में एक दलित परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने राम दीन को गंभीर चोट पहुंचाई और उनकी पत्नी शीला पर भी हमला किया। पुलिस ने शिकायत के बाद पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

बलरामपुर, संवाददाता। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव में दलित परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, फावड़ा व चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में राम दीन गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पति को बचाने पहुंची उनकी पत्नी शीला के हाथ पर भी धारदार हथियार से वार किए जाने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश के बाद तुलसीपुर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता शीला के मुताबिक घटना छह अगस्त की शाम करीब सात बजे की है।
उनका आरोप है कि गांव का अली हुसैन अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लाठी-डंडा, लोहे की रॉड, फावड़ा व चाकू लेकर उनके घर में घुस आया। आरोपियों ने उनके पति राम दीन को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। लोहे की रॉड और फावड़े से किए गए हमले में उनके पैर की हड्डी टूट गई। शीला अपने पति को बचाने के लिए बीच में आईं तो आरोपियों ने उन पर भी धारदार चाकू से हमला कर दिया। इससे उनके हाथ में चोट आई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने परिवार को जातिसूचक गालियां दी और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़िता घटना के बाद पुलिस के पास गई, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। गंभीर रूप से घायल पति का इलाज कराने के बाद उन्होंने 11 अगस्त को पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी विकास कुमार के निर्देश पर तुलसीपुर पुलिस ने 12 अगस्त को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दर्ज शिकायत के आधार पर अली हुसैन पुत्र मुसी, गुलब शाह पत्नी अली हुसैन, अलीम हुसैन की पत्नी, आसिफ पुत्र अली हुसैन व मुसी निवासी खैरा को आरोपी बनाया गया है। इनमें आसिफ नाबालिग है। आरोपों की जांच कर रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


