बुलंदशहर : नेशनल हाईवे पार करते समय बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत
बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक मजदूर को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूर दिनेश की अस्पताल में मौत हो गई। वह गाजीपुर मंडी में काम करता था और शनिवार को घर से दिल्ली लौटते समय हादसे का शिकार हुआ।

बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर गांव लालपुर के पास सड़क पार कर रहे एक मजदूर को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज परिजनों को सूचना दे दी। पुलिस ने बताया कि मजदूर की पहचान 46 वर्षीय दिनेश निवासी गांव अहमदगढ़ के रूप में हुई है। वह दिल्ली की गाजीपुर सब्जी मंडी में एक दुकान पर मजदूरी करता था। दिनेश के पुत्र धानु ने बताया कि उसके पिता शनिवार शाम घर से दिल्ली स्थित गाजीपुर मंडी के लिए निकले थे।
रास्ते में वह गांव लालपुर के निकट शिवा ढाबे के पास नेशनल हाईवे पार कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने मृतक के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के माध्यम से उसकी पहचान कर परिजनों को हादसे की सूचना दी थी। दिनेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि दिनेश गाजीपुर मंडी में काम करने के साथ वहीं रहते थे और एक-दो माह में परिवार से मिलने गांव आते थे। वह तीन दिन पहले ही परिवार से मिलने गांव आए थे और शनिवार को दिल्ली लौट रहे थे।


