अंतरराष्ट्रीय मैच देखने वाले सावधान, 99 रुपये के टिकट से साइबर ठगी का जाल
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के टिकट की मांग बढ़ने पर साइबर ठगों ने फर्जी टिकट बेचने का काम तेज कर दिया है। 99 रुपये में मैच टिकट का विज्ञापन कर लोगों को धोखा दिया जा रहा है। भारत vs वेस्टइंडीज के रांची मैच के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ठगी होने पर 1930 पर सूचना देने की अपील की गई है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के टिकट की मांग बढ़ते ही साइबर ठगों ने सोशल मीडिया पर फर्जी टिकट का जाल फैलाना शुरू कर दिया है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) से जुड़े साइबर दोस्त की ओर से 30 सितंबर को 99 रुपये के मैच टिकट के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। ठग सोशल मीडिया पर 99 रुपये में मैच टिकट उपलब्ध कराने का विज्ञापन डाल रहे हैं। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद लोगों को व्हाट्सएप पर बातचीत के लिए भेजा जा रहा है। साइबर ठगी का तरीका भी तय है। ठग पहले कम रकम में टिकट देने की बात कहते हैं। इसके बाद टिकट बुकिंग के नाम पर भुगतान कराया जाता है। भुगतान के बाद फर्जी बुकिंग संदेश भेजकर भरोसा दिलाया जाता है कि टिकट बुक हो गया है। इसके बाद जीएसटी, वेरिफिकेशन, प्रोसेसिंग, सिक्योरिटी या रिफंडेबल शुल्क के नाम पर अलग-अलग रकम मांगी जाती है। रकम देने के बाद भी ठगी नहीं रुकती और ट्रांजेक्शन प्रोसेसिंग या रिफंड लंबित होने का हवाला देकर दोबारा भुगतान कराया जाता है। भारत-वेस्टइंडीज के तिरुवनंतपुरम मैच से पहले भी साइबर पुलिस ने इसी तरीके से फर्जी टिकट बेचने की शिकायतों पर लोगों को आगाह किया था.
रांची मैच को लेकर भी सक्रिय होने की आशंका
रांची में 9 अक्तूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 मैच होना है। मैच के टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्तूबर को की जाएगी। जेएससीए स्टेडियम में छह काउंटर बनाए गए हैं। टिकट ऑनलाइन भी उपलब्ध होंगे और अधिकृत माध्यम से ही टिकट खरीदने की सलाह दी गई है। जेएससीए की ओर से अनधिकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी टिकट बेचने की शिकायतों को लेकर भी सावधान किया गया है। साइबर ठग अब रांची मैच के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी पेज या विज्ञापन बनाकर 99 रुपये में टिकट देने का दावा कर सकते हैं। इसके बाद टिकट की कमी, सीमित समय या तत्काल भुगतान का दबाव बनाकर लोगों को व्हाट्सएप पर भेजा जा सकता है। वहां फर्जी टिकट बुकिंग फॉर्म के जरिए नाम, मोबाइल नंबर, ई-मेल और अन्य जानकारी लेने के बाद भुगतान लिंक या क्यूआर कोड भेजा जा सकता है। आई4सी ने ऐसे मामलों में अनजान लिंक, क्यूआर कोड और व्हाट्सएप नंबर पर सीधे भुगतान नहीं करने की सलाह दी है.
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर सूचना
मैच टिकट के नाम पर ठगी होने पर पीड़ित को तुरंत 1930 पर कॉल करना चाहिए और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। संदिग्ध वेबसाइट, मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप नंबर और सोशल मीडिया खाते की भी रिपोर्ट की जा सकती है।

