केस में फंसाने की धमकी देकर 37 हजार रुपए ठगे
देवघर,प्रतिनिधि।अश्लील वीडियो देखने के बाद एक युवक साइबर ठगी का शिकार बन गया। साइबर ठगों ने युवक को फोन कर अश्लील वीडियो देखने के मामले में केस में

देवघर,प्रतिनिधि। अश्लील वीडियो देखने के बाद एक युवक साइबर ठगी का शिकार बन गया। साइबर ठगों ने युवक को फोन कर अश्लील वीडियो देखने के मामले में केस में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी दी। इसके बाद कई घंटे तक मोबाइल पर बातचीत कर उसे डराया-धमकाया गया। ठगों ने अलग-अलग थानों की पुलिस का अधिकारी बताकर युवक से बातचीत करायी। डर के कारण युवक ने अलग-अलग किस्तों में कुल 37 हजार रुपए ठगों के बताए मोबाइल नंबर और स्कैनर पर ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद भी ठग लगातार रुपए भेजने का दबाव बनाते रहे। घटना 29 सितंबर की बतायी जा रही है।
पीड़ित की पहचान देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी झोलाछाप चिकित्सक किशोर मंडल के रूप में हुई है। गुरुवार शाम वह साइबर थाना पहुंचा और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले ऑनलाइन वीडियो देखी थी। उसी बात का हवाला देते हुए एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर फोन किया। फोन करने वाले ने कहा कि जिस वीडियो को देखा है, उससे संबंधित व्यक्ति ने उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में मामला दर्ज कराया है। उनकी कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। उसके बाद ठग ने मामले को रफा-दफा कराने का झांसा दिया। युवक को विश्वास में लेने के लिए अलग-अलग थानों की पुलिस का अधिकारी बताकर कई लोगों से उसी मोबाइल नंबर पर बातचीत करायी गयी। लगातार कई घंटे तक ऑडियो कॉल पर बातचीत होती रही। चूंकि पीड़ित के मोबाइल पर वीडियो कॉल नहीं हो पा रही थी, इसलिए पूरी बातचीत ऑडियो कॉल के माध्यम से ही की गयी। पीड़ित के अनुसार ठगों ने पहले मामले को खत्म करने के नाम पर एक लाख रुपए की मांग की। इतनी राशि देने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने कम राशि में मामला सुलझाने की बात कही। इसके बाद उनके कहे अनुसार पीड़ित अलग-अलग बार में रुपए भेजता रहा। इस दौरान कुल 37 हजार रुपए मोबाइल नंबर और भेजे गये स्कैनर के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। रुपए भेजने के बाद भी आरोपियों ने पीड़ित से और रकम की मांग जारी रखी। लगातार पैसे भेजने के दबाव से परेशान होकर उन्होंने पूरे मामले की जानकारी अपने एक मित्र को दी। मित्र ने बातचीत सुनने के बाद उन्हें साइबर ठगी का शिकार होने की बात समझायी और आगे किसी भी प्रकार की राशि नहीं भेजने की सलाह दी। उसके बाद पीड़ित अपने मित्र के साथ साइबर थाना पहुंचा और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

