साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 42 हजार 500 रुपये
बोकारो जिले के चन्द्रपुरा निवासी मुक्तेश्वर साहू के मोबाइल का हैक कर ठगों ने उनके बैंक खाते से 42,500 रुपये की अवैध निकासी की। ये ट्रांजेक्शन छोटे-छोटे चरणों में किए गए। पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर कॉल किया।

कसमार, प्रतिनिधि। साइबर ठगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में, शातिर ठगों ने बोकारो जिले के चन्द्रपुरा निवासी मुक्तेश्वर साहू के मोबाइल को हैक कर उनके बैंक खाते से कुल 42 हजार 500 रुपये की अवैध निकासी कर ली। ठगों ने इस ठगी को एक या दो बार नहीं, बल्कि कई छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन के जरिए अंजाम दिया।
घटना का विवरण
पीड़ित मुक्तेश्वर ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि उनका फोन चार्जर से हटाने के दौरान देखा कि फोन काफी गर्म हो गया है और सॉफ्टवेयर अपडेट का सिग्नल आ रहा है। फोन कुछ भी काम नहीं कर रहा था। ठगों ने पहले उनके फोन को सॉफ्टवेयर अपडेट या किसी अन्य तकनीकी तरीके से अपने नियंत्रण (हैक) में ले लिया। इसके बाद, खाता खाली करने के लिए कई चरणों में ट्रांजेक्शन किए गए।
धोखाधड़ी की प्रक्रिया
ई-गिफ्ट वाउचर के माध्यम से अलग-अलग बार में कुल 7,500 की अवैध निकासी किए। इसके अलावा तेज किराना स्टोर के नाम से मर्चेंट पेमेंट के जरिए 35,000 की अवैध निकासी की गई। जब फोन पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे, तब पीड़ित को मोबाइल हैक होने और ठगी का अहसास हुआ। तब तक ठगों ने खाते से बड़ी रकम साफ कर दी थी।
सुरक्षित उपाय
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने सतर्कता दिखाते हुए साइबर क्राइम की राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा दी है। इसके साथ ही नजदीकी साइबर सेल और बैंक को भी इस धोखाधड़ी की जानकारी दे दी गई है, ताकि उन मर्चेंट अकाउंट्स व ई-वाउचर प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक किया जा सके, जहाँ पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।


