निवेश के नाम पर एक करोड़ ठगे
ठाणे में, 58 वर्षीय एक व्यक्ति को शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर साइबर ठगों ने 1 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की। आरोपी कथित तौर पर फाइनेंशियल एडवाइजर बनकर पीड़ित से संपर्क कर स्कीम में निवेश करने के लिए मनाते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

ठाणे, एजेंसी। साइबर ठगों ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई में रहने वाले 58 वर्षीय व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश और अधिक मुनाफे के नाम पर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर थाना अधिकारी ने बताया कि खुद को फाइनेंशियल एडवाइजर बताने वाले कुछ लोगों ने नवी मुंबई के बेलापुर निवासी पीड़ित से संपर्क किया। आरोपियों ने पीड़ित को स्कीम में निवेश करने के लिए मनाया और धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में उसे शामिल कर लिया।पुलिस ने बताया कि पीड़ित से एक ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया और उसे एक लिंक भेजा गया।
उसके बाद पीड़ित ने पिछले तीन महीनों में कई बैंक अकाउंट में कुल 1 करोड़ 10 लाख 07 हजार 000 रुपये ट्रांसफर किए। पैसे वापस न मिल पाने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। उनकी शिकायत के आधार पर, पुलिस ने रविवार को भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

