म्यूल खातों के नाम खुलवाई फर्जी फर्में, 334 करोड़ की साइबर ठगी में चार गिरफ्तार
कल्याणपुर में साइबर ठगों के एक गैंग को गिरफ्तार किया गया है, जो म्यूल खातों के जरिए 334.30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर रहा था। गैंग ने फर्जी फर्मों में पैसे ट्रांसफर किए और बेटिंग एप में लगाने के लिए साइबर ठगी की रकम का उपयोग किया। पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

कल्याणपुर, संवाददाता। म्यूल खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाकर फर्जी फर्मों में ट्रांसफर कराने वाले गैंग को डीसीपी वेस्ट की साइबर सेल ने धर दबोचा। जांच हुई तो 334.30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ। एनसीआरपी पोर्टल पर चार खातों की 491 शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आईआईटी गेट के पास से गैंग के चार ठगों को दबोच लिया। इस सभी को पुलिस जेल भेजने की तैयारी कर रही है। एक खाता रन में नहीं मिला जबकि एक अन्य खाते का डिटेल पुलिस निकलवा रही है। खातों में करोड़ों के ट्रांजेक्शन को लेकर बैंक कर्मियों को नोटिस देकर सवाल जवाब किया जाएगा। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पकड़े गए साइबर ठग फर्जी आधार और पैनकार्ड से म्यूल खाते खुलवाकर इनमें साइबर ठगी की रकम मंगवाते थे। फिर फर्जी कंपनियों के खातों में ठगी की रकम को ट्रांसफर कर उसे बेटिंग एप में ट्रांसफर कर दिया जाता था। एक नए खाते में महज तीन दिन में करीब आठ करोड़ रुपये का लेनदेन आरोपितों ने कर दिया। साइबर सेल को चार खातें मिले हैं जिसमें तीन खातों की राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर देश के कई अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की 491 शिकायतें मिली हैं। साइबर ठगी के इस मामले में रावतपुर थाने के दारोगा रोहित पाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। डीसीपी वेस्ट ने बताया कि साइबर टीम को एक्सिस बैंक की केशवपुरम ब्रांच के एक म्यूल खाते की जानकारी मिली थी। मामले की जांच के दौरान रावतपुर पुलिस और साइबर सेल ने औरैया जनपद के बिधूना मड़ैया जयसिंह निवासी विपिन कुमार और बिधूना के करपूरिया के शिवप्रताप को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर बिधूना के डहरियापुर निवासी सरगना व मास्टरमाइंड राजशेखर उर्फ अजीत और कानपुर देहात रनियां के हिमांशु गौतम को आईआईटी गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच की गई तो महज तीन दिन में करीब आठ करोड़ रुपये का लेनदेन मिला। इस खाते की ही 116 शिकायतें हैं। इतनी बड़ी रकम के लेनदेन और अलग-अलग राज्यों में शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने खाते से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है。
मास्टरमाइंड राजशेखर म्यूल खाते खुलवाने तो हिमांशु पर फर्जी कंपनी बनाने की थी जिम्मेदारी
साइबर ठगी गैंग का मास्टरमाइंड राजशेखर है। वह लोगों के म्यूल खाते खुलवाता था। इन म्यूल खातों में साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर कराया जाता था। गैंग में हिमांशु की फर्जी आधार पैन कार्ड के जरिए फर्जी कंपनियों के खुलवाने की जिम्मेदारी थी। हिमांशु ने विजय नगर में आर्बिट बिल्ड इंफ्रास्ट्रक्चर का ऑफिस खुलवाकर साइबर ठगी के नेटवर्क को बढ़ाने में उसकी मदद की। इसके अलावा कई और फर्जी कंपनियां संचालित की जा रही हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, स्माल फाइनेंस बैंक, बैंक आफ इंडिया और केनरा बैंक समेत छह बैंकों में खाते खुलवाए थे। डीसीपी वेस्ट ने घटना का राजफाश करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
कंपनी के खातों से बेटिंग एप में होती थी रकम ट्रांसफर
म्यूल खातों के जरिए ठग फर्जी कंपनियों के खातों में रकम ट्रांसफर कराते थे। इसके बाद कंपनियों के खातों से बैटिंग अप में साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की जाती थी। इन बेटिंग एप में आई साइबर ठगी की रकम का इस्तेमाल बड़ी आसानी से कर लिया जाता था।
ऑफिस जाने से पहले पार्लर में तैयार होते थे आरोपित
डीसीपी वेस्ट की माने तो राजशेखर इस गैंग का मास्टरमाइंड है। राजशेखर ने ही शिवप्रताप और विपिन कुमार को गैंग से जोड़ा। विपिन कुमार और शिव प्रताप, दोनों विजयनगर के ऑफिस में ज्यादातर बैठते थे। दोनों को बतौर कंपनी एमडी की पोस्ट दी गई थी। ऑफिस पहुंचने, बैंक अधिकारियों से मिलने के पहले गैंग के सभी सदस्य पार्लर जाकर तैयार होते थे। महंगे महंगे ब्रांडेड कपड़े और जूतों से लैस रहते थे।
कोट
एनसीआरपी पोर्टल में मिली शिकायतों के आधार पर जांच हुई तो चार खाते मिले। चार खातों से 334.30 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन सामने आया है। एनसीआरपी पोर्टल पर इन खातों की 491 शिकायतें हैं। एक खाते की डिटेल मिलना शेष है। सरगना समेत चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर ठगों ने विजय नगर में आफिस खोलकर पांच फर्में बनाकर करोड़ों का लेनदेन किया। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
- एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी पश्चिम
-------
इन बैंकों के खातों से हुआ लेनदेन
-एक्सिस बैंक में 79 करोड़ का ट्रांजेक्शन मिला। शिकायतें 118 हुईं। खाता विपिन और शिवप्रताप संचालित करते हैं।
-एक्सिस बैंक शास्त्री नगर में 130 करोड़ का ट्रांजेक्शन मिला। 191 शिकायतें हुईं। खाता प्रांशू और अर्पित संचालित करते हैं।
-बैंक ऑफ इंडिया विजय नगर में 30 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन मिला। इस खाते की पांच शिकायतें मिली हैं।
-एसबीआई शाखा पड़ाव कंपोज में 125 करोड़ का लेनदेन मिला। इस खाते की 125 शिकायतें मिली हैं।
-एसबीआई शाखा सरसौल का एक खाता मिला है लेकिन वह रन नहीं हो रहा है
-केनरा बैंक का एक खाता मिला है जिसका डिटेल निकाला जा रहा है।


