महिला के खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 10.50 लाख रुपये, साइबर थाने में मुकदमा दर्ज
बलरामपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने एक महिला के बैंक खाते से यूपीआई के जरिए करीब 10.50 लाख रुपये पार कर दिए।
बलरामपुर, संवाददाता। जिले में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने एक महिला के बैंक खाते से यूपीआई के जरिए करीब 10.50 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेखुईकला निवासी मो. सलमान पुत्र अकबर अली ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी मां साजिदा के इंडियन बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने 17 जून से आठ जुलाई 2026 के बीच यूपीआई के माध्यम से कई किस्तों में 10,49,976.99 रुपये निकाल लिए। खाते से लगातार रकम निकलने की जानकारी होते ही परिवार के होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल आठ जुलाई को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जिसका एक्नॉलेजमेंट नंबर 23107260130340 है। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस की कार्रवाई
साइबर क्राइम थाना प्रभारी आरपी यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। मामले की विवेचना निरीक्षक राज कुमार रावत को सौंपी गई है। पुलिस बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। संबंधित बैंक और डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
सावधानियाँ
अनजान से साझा न करें ओटीपी और यूपीआई पिन
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने जिले के लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी या संदिग्ध लिंक कदापि साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।


