साइबर फ्रॉड में खाते का दुरुपयोग, खाताधारक पर मुकदमा दर्ज
शक्तिनगर में साइबर ठगी से जुड़े मामले में एक खाताधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की। 14 जनवरी 2026 को 15 हजार रुपये एक संदिग्ध खाते में ट्रांसफर हुए जो बाद में एटीएम से निकाल लिए गए।

शक्तिनगर, हिंदुस्तान संवाद। ऑनलाइन साइबर ठगी से जुड़े मामले में साइबर अपराध में खाते के कथित दुरुपयोग को लेकर एक खाताधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम धीरेंद्र कुमार चौधरी की तहरीर पर शक्तिनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम ने दिए तहरीर में बताया कि साइबर क्राइम पोर्टल पर संचालित जांच के दौरान 14 जनवरी 2026 को साइबर ठगी से संबंधित 15 हजार रुपये की धनराशि एक संदिग्ध बैंक खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि उसी दिन उक्त धनराशि शक्तिनगर स्थित एक एटीएम से निकाल ली गई।
प्रभारी निरीक्षक ने आरोप लगाया है कि प्रथम दृष्टया संबंधित खाताधारक साइबर फ्रॉड से जुड़े धोखाधड़ी के कार्य में लिप्त प्रतीत होता है तथा उसके बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराध में किया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि खाताधारक स्वयं इस गिरोह का सदस्य है या उसका खाता किसी अन्य व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया गया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


