साइबर ठगी: करेंसी एक्सचेंज के नाम पर कारोबारी से पांच लाख ऐंठे
मुरादाबाद में एक कारोबारी को ऑनलाइन करेंसी एक्सचेंज के नाम पर साइबर ठगों ने 5 लाख रुपये की ठगी कर दी। आरोपी ने कारोबारी से पैसे ट्रांसफर करवा लिए और फिर संपर्क बंद कर दिया। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है और साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।

मुरादाबाद। ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से करेंसी एक्सचेंज कराने का प्रयास कारोबारी को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने पैसा एक्सचेंज करने का झांसा देकर सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी कारोबारी से पांच लाख रुपये ट्रांसफर कराके हड़प लिए। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित गौर ग्रेशियस सोसाइटी निवासी मुकुल कुमार अग्रवाल कारोबारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 20 जुलाई को वह प्राइम एक्सचेंज नाम के एक साइट पर संपर्क किए थे। जिसके बाद उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद का परिचय प्राइम एक्सचेंज साइट का प्रतिनिधि अभिषेक कुमार के रूप में दिया।
मुकुल कुमार अग्रवाल के अनुसार उसने कहा कि उसके बताए अकाउंट को अपने बैंक अकाउंट से ऐड कर ले और मनी ट्रांसफर कर दें। रुपये मिलते ही उसे एक्सचेंज करके भेज दिया जाएगा। इसके बाद उसने कुछ अकाउंट की डिटेल दी। उसके कहे अनुसार मुकुल अग्रवाल ने अपने अपनी फर्म प्रिंस्टीन इंफरटेक के आईसीआईसीआई बैंक खाते से 4 लाख 75 हजार रुपये और केनरा बैंक के खाते से 24 हजार 916 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 4 लााख 99 हजार 916 रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम लेने के बाद उसने वाट्सएप पर अमाउंट मिलने की पुष्टि भी की और दो दिन में पैसा भेजने के लिए कहा। पीड़ित के अनुसार दो दिन बाद जब उन्होंने कॉल किया तो सामने वाले ने फोन ही रिसीव नहीं किया। जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत की। इस संबंध में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस थाने में ठगी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।

