फर्जीवाड़ा कर 27.40 लाख निकाले
डुमरा के बनौली गांव निवासी मिथलेश साह के फर्म बालाजी ट्रेडर्स से साइबर जालसाजों ने 27 लाख 40 हजार रुपये की निकासी की। उन्होंने साइबर थाना सीतामढ़ी में आवेदन देकर राशि बरामद करने और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डुमरा। सुरसंड थाना क्षेत्र के बनौली गांव निवासी मिथलेश साह के फर्म बालाजी ट्रेडर्स के चालू खाते से साइबर जालसाजों ने 27 लाख 40 हजार रुपये की निकासी कर ली। इस संबंध में मिथलेश साह ने साइबर थाना सीतामढ़ी में आवेदन देकर राशि बरामद कराने और आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के आलोक में साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आवेदन के अनुसार, बालाजी ट्रेडर्स का पंजाब नेशनल बैंक की सुरसंड शाखा में चालू खाता है। यह खाता मिथलेश साह के मोबाइल नंबर से जुड़ा है और नेटबैंकिंग व फोनपे के माध्यम से संचालित होता है।
शिकायत और कार्रवाई
11 सितंबर की दोपहर में उनके मोबाइल पर खाते से 27.40 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से डेबिट होने का मैसेज आया। खाते से इतनी बड़ी राशि निकलने की जानकारी मिलते ही मिथलेश साह ने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। शिकायत के बाद संबंधित खाते में गयी राशि को होल्ड कराया गया। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि रकम बैंक ऑफ इंडिया की भिठ्ठामोड़ शाखा के बजरंग बली ट्रेडर्स के खाते में ट्रांसफर हुई है। पीड़ित का आरोप है कि उसके फर्म के खाते से नेटबैंकिंग के माध्यम से जालसाजी कर रकम निकाली गयी।
जांच प्रक्रिया
शिकायत के बावजूद अब तक राशि उसके खाते में वापस नहीं आयी है। साइबर थाना पुलिस मामले में ट्रांजेक्शन, संबंधित बैंक खाते और साइबर ठगी में इस्तेमाल माध्यम की जांच कर रही है। साथ ही राशि की बरामदगी और संबंधित खाताधारक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


