बैंक ऑफ इंडिया के दो खातों से 3.68 लाख की साइबर ठगी
कस्बा सौरिख के निवासी शशिकांत के बैंक ऑफ इंडिया के दो खातों से साइबर अपराधियों ने 30 जुलाई को छह ट्रांजैक्शन कर 3.68 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और आरोप लगाया है कि घटना से पहले बैंक की ऐप उनके फोन से अनइंस्टॉल हो गई थी।

सौरिख, संवाददाता। कस्बा सौरिख निवासी एक व्यक्ति के बैंक ऑफ इंडिया के दो खातों से साइबर अपराधियों द्वारा छह ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 3 लाख 68 हजार तीन सौ रूपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कन्नौज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तिर्वा रोड निवासी शशिकांत पुत्र बृजकिशोर ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया की सौरिख शाखा में उनके बचत और पेंशन खाते संचालित हैं। 30 जुलाई को उनके दोनों खातों से छह संदिग्ध ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 3.68 लाख से अधिक की राशि निकाल ली गई। इतना ही नहीं, बैंक की मोबाइल ऐप में दर्ज उनकी ईमेल आईडी भी बदल दी गई।
पीडि़त का कहना है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं की। न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया और न ही किसी को मोबाइल का एक्सेस दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से पहले बैंक की आधिकारिक मोबाइल ऐप उनके फोन से पूरी तरह अनइंस्टॉल हो चुकी थी, इसके बावजूद सर्वर स्तर से ट्रांजैक्शन होना बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पीडि़त ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसका एकनॉलेजमेंट नंबर 33107260187428 है। उन्होंने साइबर पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा निकाली गई पूरी राशि वापस दिलाने की मांग की है।


