चंद वर्षों में लग्जरी लाइफ जीने लगे साइबर गिरोह से जुड़े आरोपी
देवरिया में साइबर अपराध से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने बैंक खाते की खरीदारी कर लाखों रुपये कमाए। पुलिस अब सरगना दीपू यादव और एक अन्य दुबे की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। लोगों ने अब उनकी लग्जरी लाइफ के असली कारण समझना शुरू कर दिया है।

देवरिया, निज संवाददाता। साइबर अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले चंद वर्षों में ही लग्जरी लाइफ जीने लगे। इसमें से कई कार से चलते और दोस्तों पर रुपये भी आंख मूंद कर खर्च करते। लोगों की भी इनकी लग्जरी लाइफ पर नजर तो थी, लेकिन कोई कुछ कह नहीं पाता। अचानक साइबर अपराध में शामिल होने के पर्दाफाश के बाद अब मोहल्ले के लोग भी इनकी अवैध कमाई को लेकर खुल कर बोलना शुरू कर दिए हैं। उधर सरगना दीपू यादव के साथ ही एक दुबे का भी नाम सामने आने लगा है। हालांकि पुलिस गिरफ्तारी के बाद ही नाम प्रकाश में लाने का दावा कर रही है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी।
साइबर गिरोह से गिरफ्तारी
साइबर गिरोह से जुड़ कर लोगों के बैंक खाता की खरीदारी कर लाखों रुपये कमाने वाले पांच आरोपियों को एक दिन पहले साइबर थाने की पुलिस व सदर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिसमें सपा नेता अमित कुमार गौतम निवासी भटवलिया थाना कोतवाली, सुजीत उर्फ मुन्ना निवासी भटवलिया थाना कोतवाली, अभिज्ञान प्रकाश निवासी भटवलिया थाना कोतवाली, गौरव जायसवाल निवासी रामगुलाम टोला थाना कोतवाली व आदर्श दुबे निवासी अमवा हीरामन दुबे थाना बघौचघाट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दावे किए जा रहे हैं कि यह सभी बैंक खाता की खरीदारी करने के साथ ही गलत आधार कार्ड पर भी खाता खुलवाकर लाखों रुपये उसमें मंगाते थे और फिर उसे क्रिप्टो क्रेंसी में तब्दील कर डालर में बदल मुख्य सरगना को भेज देते थे। इस गिरोह के सरगना सदर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला दीपू यादव व एक दुबे हैं। दुबे का नाम पुलिस अभी प्रकाश में नहीं लाई है। यह तो दोनों लग्जरी वाहनों से ही चलते हैं और इनके पास महंगे फोन भी रहता है। इसके अलावा यह लोगों पर भी खर्च करते हैं। इनके खर्च को देख कर लोगों को इनके गलत कार्य में संलिप्त होने की भी आशंका हो गई थी, लेकिन कोई मुंह अभी नहीं खोल रहा था। नाम सामने आने के बाद लोग अब इनके लग्जरी लाइफ के असली कारण को जान गए हैं। कोतवाल राकेश कुमार राय ने बताया कि टीमें लगी हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा。


