आधार सिस्टम में सेंधमारी में एक गिरफ्तार
प्रयागराज में साइबर क्राइम पुलिस ने आधार कार्ड बनाने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। संदीप कुमार दुबे को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध तरीके से आधारकार्ड बनाने के लिए अन्य आधार ऑपरेटर की यूजर आईडी का उपयोग करता था। पुलिस ने गिरोह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। आधार की सुरक्षा व्यवस्था को क्लोनिंग और बाइपास तकनीक के जरिए चकमा देकर अवैध तरीके से आधारकार्ड बनाने व अपडेट करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े संदीप कुमार दुबे निवासी अनुवा, सरायममरेज को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दूसरे आधार ऑपरेटर की यूजर आईडी और पिन का इस्तेमाल कर UIDAI की प्रणाली में अनधिकृत तरीके से प्रवेश करता था。
आरोपी का तरीका
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को गिरोह के मुख्य आरोपियों के जरिए UIDAI वेबसाइट पर अनधिकृत प्रवेश के लिए लिंक उपलब्ध कराया जाता था। इसके बाद नियम विरुद्ध तरीके से आधार नामांकन और अपडेट का काम किया जाता था। इसके लिए एनी डेस्क अथवा रिमोट एक्सेस के माध्यम से संबंधित कंप्यूटर सिस्टम को अपने नियंत्रण में लेकर आधार ऑपरेटर की आईडी एक्टिवेट की जाती थी।
गिरोह की पड़ताल
पुलिस के अनुसार करीब दो वर्ष पहले एक कंपनी का बैंकों के साथ अनुबंध खत्म होने के बाद कई आधार ऑपरेटरों की आईडी बंद हो गई थी। इसी दौरान कंपनी के पूर्व आधार ऑपरेटर विवेक त्रिपाठी ने संदीप को क्लोनिंग और बायपास तकनीक से आधार संबंधी काम करने वाले व्यक्ति से मिलवाया। बातचीत में प्रति ऑपरेटर आईडी एक्टिवेट करने के लिए पांच हजार रुपये और प्रत्येक आधार बनाने या अपडेट करने पर 250 रुपये अतिरिक्त लेने की बात तय हुई थी। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए ऑपरेटर की एनी डेस्क आईडी लेकर रिमोट एक्सेस से आधार सिस्टम में प्रवेश किया जाता था। साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में बीएनएस, आईटी एक्ट और आधार एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

