साइबर अपराधियों ने खाते से उड़ाये 92 हजार
गिरिडीह में एक घटना में सुशांत कुमार ने एक दुकानदार के क्यूआर कोड स्कैन कर 30 रुपये का भुगतान करने की कोशिश की। पहली कोशिश में भुगतान असफल रहा, लेकिन दूसरी कोशिश में 30 रुपये के भुगतान के बाद उसके खाते से 92,624 रुपये गायब हो गए। सुशांत ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खाते से 92 हजार 624 रूपये उड़ा लिये जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। साइबर अपराधियों का शिकार राजेंद्र नगर निवासी सुशांत कुमार हुए है। इस संबंध में सुशांत ने साइबर थाना में लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। सुशांत का कहना है कि वह गोबिंद कुमार तांती नामक दुकानदार के क्यूआर कोड स्केन कर 30 रूपये का पैमेंट कर रहा था पर पैमेंट फेल हो गया। इसके बाद दुकानदार ने अपने मोबाइल पर एक दुसरा क्यूआर कोड स्केन कराया। इस बार 30 रूपये का पैमेंट हो गया।
दुकानदार ने बताया था कि दूसरा क्यूआर कोड उसकी पत्नी कुमकुम कुमारी का है। पैमेंट करके जाने के कुछ देर बाद जब उसने मोबाइल में मैसेज देखा तो पता चला कि उसके बैंक खाते से 92 हजार 624 रूपये साइबर अपराधियों ने उड़ा लिया है। सुशांत का कहना है कि उसी दुकान में क्यूआर कोड स्केन के बाद उसके खाते से 92 हजार 624 रूपये की अवैध निकासी हुई है। दुकानदार ने कुछ न कुछ गड़बड़ किया है।


