धमकी देकर 8.50 लाख रुपये की ठगी, केस
देवरिया में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। एक व्यक्ति को धमकी देकर उसके खाते से 8 लाख 50 हजार रुपये उड़ाए गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सक्रियता दिखाते हुए रुपये को होल्ड कर दिया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही रुपये वापस किए जाएंगे।

देवरिया, निज संवाददाता। जिले में साइबर अपराध तेजी से बढ़ने लगा है। अब एक व्यक्ति को धमकी देकर उसके खाते से जालसाजों ने 8 लाख 50 हजार रुपये उड़ा दिया। हालांकि साइबर थाने में शिकायत पीड़ित ने की तो पुलिस सक्रिय हो गई और रुपये को होल्ड कर दिया है। अब जल्द ही उस रुपये को संबंधित के खाते में वापस कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। भलुअनी थाना क्षेत्र के ग्राम बाघा चौरी हाटा निवासी ध्रुवदेव चौहान को फोन कर साइबर अपराधियों ने धमकी दी और परिवार के लोगों को फंसाने की बात कही। इसके बाद उनका डिटेल पूछ लिया और धीरे-धीरे उनके खाते से 8 लाख 50 हजार रुपये उड़ा दिया।
इसके बाद वह अपने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दिए तो उनके पैर तले जमीन ही खिसक गई। परिवार के लोग तत्काल उन्हें लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी के निर्देश पर साइबर थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तत्काल जिस खाते में रुपया गया था को होल्ड कर दिया। साइबर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल रुपये को सुरक्षित कर लिया गया है। जल्द ही खाता धारक के खाते में वह रुपया वापस हो जाएगा। साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


