Noida News: आईजीएल कर्मचारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

Noida News: नोएडा, गौरव भारद्वाज। चार माह पूर्व एक बुजुर्ग के मोबाइल पर लिंक भेजकर ठग लिए थे 21.27

Noida News: आईजीएल कर्मचारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले गिरफ्तार

Noida News: नोएडा, गौरव भारद्वाज। साइबर अपराध थाना पुलिस ने आईजीएल कर्मी बताकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में प्राइवेट बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर है। ग्रेटर नोएडा के बिसरख निवासी 61 वर्षीय गुजीब कालरा ने नौ मार्च को साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि इसी माह एक मार्च को शाम करीब साढ़े चार बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को आईजीएल कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि उनका गैस बिल बकाया है। यदि तुरंत भुगतान नहीं किया गया तो गैस कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। फोन करने वाले ने पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और कहा कि इस लिंक को खोलकर बिल का भुगतान कर दें। भरोसा करके शिकायतकर्ता ने लिंक खोलकर अपने निजी बैंक खाते की जानकारी और अन्य विवरण भर दिए। जैसे ही उन्होंने यह जानकारी भरी, साइबर ठगों ने बैंक खाते तक पहुंच बना ली। इसके बाद ठगों ने 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 21 लाख 26 हजार 835 रुपये निकाल लिए। यह रकम विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड भुगतान में ट्रांसफर कर दी गई। जब पीड़ित को बैंक खाते से रुपये निकलने की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल और पुलिस से शिकायत की। पुलिस टीम ने जांच करने के बाद गुरुवार को चार आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी सचिन कुमार, बिसरख निवासी शहनवाज शेख, शिवम पांडेय और शुभम कुमार सिंह के रूप में हुई।

साइबर अपराधियों से सीधे जुड़े हैं दो आरोपी

पुलिस ने बताया कि शिवम पांडेय और शुभम कुमार सिंह साइबर अपराधियों से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने सचिन कुमार और शहनवाज शेख के क्रेडिट कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे। इसके लिए दोनों आरोपियों को 10 से 20 प्रतिशत कमीशन दिलाते थे। लालच में आकर आरोपी अपने क्रेडिट कार्डों का इस्तेमाल करा रहे थे।

मोबाइल नियंत्रित कर जालसाजी की

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने आईजीएल कंपनी का कर्मचारी बनकर बिल भुगतान के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर शिकायतकर्ता के मोबाइल का एक्सेस प्राप्त करते हुए 21 लाख 27 हजार रुपये ठग लिए थे। सचिन कुमार के क्रेडिट कार्ड में 1,49,490 रुपये तथा शहनवाज शेख के कार्ड में दो बार में 4,78,000 रुपये आए थे।

बैंक में काम करता है एक आरोपी

पुलिस ने बताया कि शिवम पांडेय और शुभम पांडेय लोगों से क्रेडिट कार्ड लेकर उनका एक्सेस साइबर अपराधियों को दिलाते हैं। शुभम कुमार बार में वेटर का काम करता है। शिवम घर पर ही रहता है। सचिन कुमार 12वीं पास है और एक प्राइवेट बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत है। वहीं शहनवाज शेख बीए पास है और किसी प्राइवेट कंपनी में डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है।

प्रश्नोत्तरी

आईजीएल कर्मी बनकर ठगी करने वाले गिरोह में कितने आरोपी थे?
गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।