इंटर कॉलेज में चला साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को किया सतर्क
भारत सरकार के साइबर जागरूकता अभियान के तहत जालौन के स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छात्रों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क करना था। पुलिस ने ठगी के तरीकों और उनसे बचने के उपाय बताए और छात्रों को साइबर जागरूक नागरिक बनने की शपथ दिलाई।

जालौन, संवाददाता। भारत सरकार के साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को तेजी से बढ़ते ऑनलाइन ठगी के मामलों से सतर्क करना रहा।साइबर सेल के आरक्षी सत्येंद्र कुमार मय टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड की महिला उप निरीक्षक मधु देवी तथा प्रभारी उप निरीक्षक अजीत शर्मा, संजय गोस्वामी की टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के नए तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। टीम ने बताया कि ठग फर्जी लोन ऐप, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज, ऑनलाइन गेमिंग और अनजान लिंक भेजकर ठगी कर रहे हैं।
बचाव के उपाय बताते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक अकाउंट नंबर, एटीएम पिन व पासवर्ड शेयर न करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर निजी फोटो व जानकारी सार्वजनिक न करें। ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। पहले 1 से 2 घंटे में शिकायत करने पर पैसे वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है। कार्यक्रम के अंत में छात्रों को साइबर जागरूक नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य गुरु प्रसाद दीक्षित, माधव व्यास, राज नारायण आदि मौजूद रहे।


