सुदिती ग्लोबल में गूंजीं राजस्थानी लोक संगीत की तानें
मैनपुरी। सुदिती ग्लोबल एकेडमी में स्पिक मैके के तत्वावधान में राजस्थानी लोक संगीत पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सुदिती ग्लोबल एकेडमी में स्पिक मैके के तत्वावधान में राजस्थानी लोक संगीत पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय कला, संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ना था। प्रसिद्ध राजस्थानी लोक गायक व खड़ताल वादक कुटला खान ने अपनी दमदार प्रस्तुति से विद्यार्थियों और शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों को खड़ताल, कमायचा और ढोलक जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों को करीब से देखने, उनकी विशेषताओं और वादन शैली को समझने का अवसर मिला। कलाकारों ने बताया कि लोक संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उनके साथ दारे खान (कमायचा), गोराम खान (ढोलक) तथा दयाम खान (हारमोनियम व गायन) ने संगत की।
प्रशासनिक प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम मोहन ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी विविधता में निहित है। शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और मूल्यों से परिचित कराना भी है। ऐसे आयोजन पुस्तकों में पढ़ी संस्कृति को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने का अवसर देते हैं।


