सांस्कृतिक कार्यक्रम सह सम्मान समारोह आयोजित
समस्तीपुर में ज्ञान टॉपर्स ट्यूटोरियल के नेतृत्व में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। एसडीओ किशन कुमार और अन्य अतिथियों ने शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डाला, यह बताते हुए कि शिक्षक छात्रों के व्यक्तित्व और भविष्य पर महत्वपूर्ण प्रभाव डालते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और सम्मान का संदेश दिया गया।

समस्तीपुर, हिसं। रामपुर जलालपुर स्थित एक गार्डन में ज्ञान टॉपर्स ट्यूटोरियल के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीओ किशन कुमार, आरबी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय झा, चिकित्सक डॉ. एसपी. सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और शिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों को सही मार्ग दिखाते हुए उन्हें बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। प्राचार्य ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के बीच का संबंध ज्ञान, संस्कार और विश्वास पर आधारित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने तथा शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और संस्कार को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. विवेक दत्त ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।


