Muzaffarpur News: श्रावणी पूर्णिमा महोत्सव में दिखी सांस्कृतिक विरासत की झलक
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में नूपुर कलाश्रम द्वारा आयोजित श्रावणी पूर्णिमा महोत्सव में भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में विभिन्न शैलियों में गीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए गए। डॉ. रंजना सरकार और उनके शिष्यों ने आकर्षक नृत्य और गायन प्रस्तुत किए, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। नूपुर कलाश्रम की ओर से शनिवार को आयोजित श्रावणी पूर्णिमा महोत्सव में भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखी। भारत के अलग-अलग प्रान्तों की संस्कृति एवं कलात्मक विरासत से युवा पीढ़ी का सरोकार कराया गया।डॉ. रंजना सरकार और उनके शिष्यों ने इसमें गीत, संगीत, नृत्य की अलग-अलग शैली में प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति भगवान शंकर के 'अर्द्धनारीश्वर' स्वरूप नृत्य से हुई। अर्धाग भस्म भभूत सोहे/अर्ध मोहिनी रूप है..इसके बोल थे। इसके बाद महादेव के एक और स्वरूप अघोरी, प्रचंड और विस्तारित रूप की प्रस्तुति अगले नृत्य में हुई। वर्षाऋतु अनुकूल कजरी नृत्य की शानदार प्रस्तुति हुई। नृत्य संरचना डॉ. रंजना सरकार द्वारा की गई, जो अत्यंत मनमोहक रही।
इसके बोल थे 'बरसन लागे सावन बुनिया-पिया बिना लागे ना मोरी अखियाँ...।' इसी क्रम में पं. बिरजू महाराज द्वारा रचित ठुमरी 'सब बन ठन आई श्याम प्यारी रे' की प्रस्तुति हुई, जिसे ज्योति गट्टानी द्वारा प्रस्तुत किया गया। डॉ. रंजना झा की सुमधुर सुरों की बहार पर दर्शक झूम उठे। घंटों तक विभिन्न प्रकार की गायकी भजन, कजरी, लोकगीत इत्यादि की फुहार से श्रोता आनंदित होते रहे। कार्यक्रम की अंत में जोड़दार नृत्य की प्रस्तुति भगवान शंकर के 'शिव ताण्डव स्त्रोत्तम्' के रूप में हुई।


