भारतीय एकता संग पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कानपुर में सीएसए विश्वविद्यालय में 31वीं अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की रबी दलहन समूह बैठक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ-साथ प्लास्टिक प्रदूषण पर एक लघु नाटिका पेश की, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आयोजित 31वीं अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की रबी दलहन समूह बैठक के दौरान सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।कार्यक्रम में कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, सहायक महानिदेशक (दलहन एवं तिलहन) डॉ. एसके झा, सहायक महानिदेशक (बीज) डॉ. पीआर चौधरी तथा राष्ट्रीय बीज विज्ञान संस्थान मऊ के कार्यवाहक निदेशक डॉ. ए आनंदन सहित कृषि एवं बीज क्षेत्र के कई विशेषज्ञ मौजूद रहे। छात्रों ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य, गीत और कविताएं प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
वहीं, प्लास्टिक प्रदूषण पर आधारित लघु नाटिका कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से होने वाले नुकसान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. एकता शर्मा, डॉ. संघमित्रा महापात्रा, डॉ. विवेकानंद यादव, डॉ. लक्ष्मण, डॉ. ऐश्वर्या सिंह, डॉ. शिवानी चौधरी और श्रेया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


