मिशन एडमिशन: आईपीयू में सीयूईटी अकों से दाखिले का मौका, 18 अगस्त तक आवेदन
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में कॉमन यूनिवर्सिटी

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) के अंकों के आधार पर स्नातक कार्यक्रमों में दाखिले का एक और अवसर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने 17 स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया है। इच्छुक विद्यार्थी 18 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। दाखिला संबंधित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा (एनएलटी) और कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) की मेरिट सूची की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध सीटों के आधार पर दिया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों में मिलेगा मौका
विश्वविद्यालय के अनुसार सीयूईटी मेरिट के आधार पर बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए), बीएससी, बीए-एलएलबी, बीपीटी, बीओटी, बीपीओ, बीएमएलएस, बीएएसएलपी, बीबीए और संबद्ध कार्यक्रम, पांच वर्षीय बीबीए-एमबीए इंटीग्रेटेड, बीए (जेएमसी), बीएचएमसीटी, बीटेक, बीफार्मा, बीएससी पर्यावरण विज्ञान, चार वर्षीय बीएस पैकेजिंग टेक्नोलॉजी, बीएससी-एमएससी डुअल डिग्री और बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में दाखिला मिलेगा। इसके अलावा बैचलर ऑफ कॉमर्स (ऑनर्स), पांच वर्षीय बीए-एमए योजना के तहत चार वर्षीय बीए अंग्रेजी, चार वर्षीय बीए अर्थशास्त्र और चार वर्षीय बीए लिबरल आर्ट्स में इतिहास, समाजशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान तथा मनोविज्ञान में मेजर के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
दाखिले की प्रक्रिया और शुल्क
सीयूईटी मेरिट के आधार पर दाखिला संबंधित कार्यक्रम में सीट उपलब्ध होने पर शुरू होगा। उम्मीदवार एक से अधिक कार्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग पंजीकरण शुल्क देना होगा।
प्रति कार्यक्रम 2500 रुपये शुल्क
प्रत्येक कार्यक्रम के लिए 2500 रुपये का अनिवार्य गैर-वापसी योग्य पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले प्रवेश ब्रोशर में दिए गए पात्रता मानदंड और संबंधित कार्यक्रम के लिए आवश्यक सीयूईटी डोमेन विषयों की जानकारी अवश्य देखनी होगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिस विद्यार्थी को एनएलटी या सीईटी के माध्यम से किसी कार्यक्रम या कॉलेज में सीट मिल चुकी है और उसका दाखिला ‘प्रवेशित’ दर्ज है, उसे सीयूईटी मेरिट के आधार पर किसी अन्य कार्यक्रम में सीट नहीं दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन विश्वविद्यालय की प्रवेश वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है। छात्रों को आवेदन और दाखिले से संबंधित ताजा जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।


