सीएसआर के योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न
लातेहार में डीसी संदीप कुमार की अध्यक्षता में सीएसआर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं का समय पर और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

लातेहार,संवाददाता। डीसी संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) मद के अंतर्गत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा सीएसआर मद से संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएसआर के माध्यम से संचालित योजनाएं जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए इन योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
डीसी ने यह भी निर्देश दिया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, प्रभारी पदाधिकारी सीएसआर श्रेयांश, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता, कंपनियों के प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।


