ऑस्ट्रेलिया में वर्ल्ड पुलिस गेम्स में भाग लेंगी जूडो खिलाड़ी गौरी
वाराणसी की सीआरपीएफ की खिलाड़ी गौरी पाठक ने 11वें ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर-2026 में -61 किलोग्राम में स्वर्ण पदक जीता और वर्ल्ड पुलिस गेम्स में भागीदारी के लिए चयनित हुईं। उनका कराटे में प्रशिक्षण 8 साल की उम्र से शुरू हुआ था। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला कराटे संघ और कोच ने बधाई दी।
वाराणसी। लहरतारा निवासी सीआरपीएफ की खिलाड़ी गौरी पाठक ने 11वें ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत कुमिते (-61 किलोग्राम) स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले वर्ल्ड पुलिस गेम्स के लिए भी हो गया है। गौरी पाठक के पिता चिकित्सक हैं। उन्होंने मात्र 8 वर्ष की आयु में कराटे का प्रशिक्षण शुरू किया और वाराणसी की मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स में नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखारा। लगातार मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में पदक जीते तथा एशियन कराटे चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का गौरव बढ़ाया।
उनकी खेल उपलब्धियों को देखते हुए वर्ष 2019 में उनका चयन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में स्पोर्ट्स कोटा के माध्यम से हुआ। सीआरपीएफ में शामिल होने के बाद भी उन्होंने खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहीं। हाल ही में आयोजित 11वें ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर–2026 में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड पुलिस गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से वाराणसी और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।इस उपलब्धि पर जिला कराटे संघ के महासचिव दिलीप कुमार सैनी तथा उनके कोच किसलय मानव ने गौरी पाठक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि गौरी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत और सीआरपीएफ का नाम रोशन करेंगी।


