24 घंटे बाद भी कटे बंधे की नहीं हो पायी मरम्मत, तेज धारा में बह जा रही बोरियां
पिपराघाट, हिन्दुस्तान संवाद। जवहीं दयाल के पास एपी तटबंध टूटने के करीब 21 घंटे

पिपराघाट, हिन्दुस्तान संवाद। जवहीं दयाल के पास एपी तटबंध टूटने के करीब 21 घंटे बाद भी कटे हिस्से की मरम्मत नहीं हो सकी है। नदी की तेज धारा के कारण बचाव कार्य में डाली जा रही सीमेंट, बोल्डर और अन्य सामग्री से भरी बोरियां भी पानी के तेज बहाव में बह जा रही हैं। शुरुआत में करीब 20 मीटर कटा तटबंध अब बढ़कर 80 मीटर से अधिक हो गया है। लगातार कटान के चलते तटबंध का बड़ा हिस्सा खतरे की जद में बना हुआ है।
बचाव कार्य की चुनौतियां
एपी तटबंध टूटने के बाद कटान रोकने के लिए बोल्डर, जियोबैग और बोरियों के जरिए बचाव कार्य किया जा रहा है, लेकिन नदी की तेज धारा के सामने यह प्रयास फिलहाल कारगर नहीं हो पा रहा है। पानी के वेग के कारण कई बोरियां बह जा रही हैं। इससे कटे हिस्से को बंद करने में मुश्किल आ रही है और कटान लगातार बढ़ता जा रहा है। तटबंध टूटने के बाद अब अमवा और शिवपुर से ट्रॉलियों के जरिए बोल्डर मंगाए जा रहे हैं। इसके अलावा बाहर से भी ट्रकों से बोल्डर बुलाए जा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि जब एपी तटबंध पर हर साल बाढ़ और कटान का खतरा बना रहता है तो आपात स्थिति से निपटने के लिए बोल्डर, जियोबैग और अन्य जरूरी सामग्री का पर्याप्त स्टॉक पहले से क्यों नहीं रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौके पर पहले से पर्याप्त बचाव सामग्री उपलब्ध रहती तो कटान रोकने का काम समय रहते शुरू किया जा सकता था। ग्रामीण भी विभाग के साथ मिलकर बचाव कार्य में सहयोग कर सकते थे। लेकिन संसाधन समय पर उपलब्ध नहीं होने से तटबंध का कटाव बढ़ता गया और अब आसपास के दर्जनों गांवों पर संकट मंडरा रहा है। तटबंध टूटने के बाद मंगलवार को जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों और अभियंताओं से तटबंध की स्थिति तथा चल रहे बचाव कार्यों की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभागीय तैयारी और बोल्डर के स्टॉक को लेकर भी सवाल उठे। ग्रामीणों का कहना है कि जिस क्षेत्र में नदी की धारा बदलने और तटबंध पर दबाव बनने का पुराना इतिहास है, वहां आपातकालीन संसाधन पहले से उपलब्ध रहने चाहिए थे। निरीक्षण के दौरान गोरखपुर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राम कुमार, डीएम संजय चौहान, एसपी केशव कुमार समेत बाढ़ खंड के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
------
आपदा प्रबंधन की आवश्यकता
‘आपदा कहकर नहीं आती’, मंत्री ने कहा : नुकसान की होगी भरपाई
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आपदा कहकर नहीं आती। नदी का डिस्चार्ज पहले सामान्य था, लेकिन लगातार चार दिन बारिश होने के कारण अचानक डिस्चार्ज बढ़ा और तटबंध पर दबाव बढ़ गया। इसी वजह से यह स्थिति बनी। मंत्री ने प्रभावित लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नुकसान हुआ है, सरकार उसकी भरपाई करेगी। मकान क्षतिग्रस्त होने पर आवास और जमीन के नुकसान के मामलों में नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल चुनौती केवल कटे तटबंध को बंद करने की नहीं, कटान को और बढ़ने से रोकने की भी है। 21 घंटे बाद भी तेज धारा के कारण बचाव सामग्री के बह जाने से अभियान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब बाहर से मंगाए जा रहे बोल्डर और जियोबैग के जरिए कटान रोकने की कोशिश की जा रही है。


