संघ कार्यकर्ता के हत्यारोपियों का है 20 डिस्मिल सरकारी भूमि पर कब्जा
भीखम छपरा में रामेश्वर तिवारी हत्याकांड के आरोपियों पर प्रशासन का शिकंजा कसने लगा है। राजस्व टीम ने अवैध कब्जे की शिकायत पर पैमाइश की, जिसमें सरकारी भूमि पर कब्जा होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने कई आरोपियों की गिरफ्तारी की है।
लार/मेहरानौघाट, हिन्दुस्तान संवाद। भीखम छपरा के रामेश्वर तिवारी हत्याकांड में शामिल आरोपियों पर अब प्रशासन का शिकंजा कसने लगा है। रविवार को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने अवैध कब्जे की शिकायत पर पैमाइश की।
पैमाइश का विवरण
पैमाइश में आरोपियों के कब्जे में ग्राम सभा की पोखरी का 20 डिस्मिल भूमि पाई गई। नायब तहसीलदार रविंन्द्र मौर्या की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पांच घंटे तक पैमाइश चली। अब एसडीएम व तहसीलदार को टीम अपनी रिपोर्ट देगी,जिसके बाद बेदखली की कार्रवाई होगी। संघ कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी की हत्या के बाद परिवार के लोगों ने आरोपियों पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी आरोप लगा कि उनका सहन भी सरकारी भूमि पर ही है। इसलिए उस पर बुलडोजर चलाया जाए। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार सलेमपुर रविन्द्र मौर्या के नेतृत्व में नौ लेखपालों की एक टीम गठित की और पैमाइश करने का आदेश दिया। रविवार की सुबह 10 बजे टीम भीखम छपरा गांव पहुंची और पैमाइश करनी शुरू कर दी। पैमाइश में पोखरी की भूमि 35 नम्बर की 44 डिसमिल में रामेश्वर तिवारी के दो हत्यारोपियों के द्वारा 20 डिस्मिल भूमि पर कब्जा किए जाने का पुष्टि हुई। वहीं 28 नम्बर की 4 डिस्मिल खाद गड्ढा, 29 ग 2 डिस्मिल बंजर व 33/130 नम्बर की 2 डिस्मिल नवीन परती की भूमि खाली पाया गया। उक्त सम्बंध में मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रविन्द्र मौर्या ने कहा कि मृतक के परिजनों ने आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत मिली थी। जिस पर मौके पर राजस्व टीम पहुंच कर पैमाइश किया है और सपॉर्ट मेमो तैयार किया। पैमाइश रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा।
---------------------------------
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दे रही दबिश
पुलिस कार्रवाई की गति
संघ कार्यकर्ता की हुई हत्या के चलते पुलिस पर भी लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। प्रकरण में अभी तक दो बाल अपचारी समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लार थाने की पुलिस के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम को भी जिम्मेदारी दी गई है। टीम लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। हालांकि आरोपियों के मोबाइल बंद होने के चलते पुलिस को उनका लोकेशन नहीं मिल पा रहा है। पुलिस अधिकारी जल्द ही फरार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रहे हैं। उधर गांव में सुरक्षा के लिहाज से लार थाने की पुलिस आरोपी व पीड़ित परिवार दोनों के दरवाजे पर तैनात है।
------------------------------------
20 दिन में पुलिस की हत्यारों पर तड़तड़ाई दो बार गोलियां
पुलिस की सख्ती
देवरिया पुलिस लगातार इन दिनों सख्त नजर आ रही है। भलुअनी के मनीष सिंह मोनू हत्या कांड के मुख्य आरोपी चाइना अंसारी के साथ पुलिस की 13 सितंबर को उस समय मुठभेड़ हो गई, जब वह दरोगा का ही पिस्टल छीन पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। एक बार फिर रविवार की आधी रात के बाद पुलिस से रामेश्वर तिवारी हत्याकांड के आरोपी दीपक तिवारी से सुतावर मोड़ के समीप मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की। जिसमें दीपक तिवारी के पैर में गोली लग गई और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्ती के चलते अब तस्कर, हत्यारोपी जिला छोड़ कर फरार होने लगे हैं।

