अवैध बालू के खिलाफ चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी, चार ट्रैक्टर जब्त
देवघर, प्रतिनिधिजिले में अवैध बालू के खनन और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खान निरीक्षक आकाश कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग थाना

देवघर, प्रतिनिधि जिले में अवैध बालू के खनन और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खान निरीक्षक आकाश कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर बालू लदे चार ट्रैक्टर जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों को संबंधित थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अब वाहनों के मालिक और चालकों की जानकारी जुटाने में लगी है। जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार जांच और छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक आकाश कुमार के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले जसीडीह थाना क्षेत्र के बिहार सीमा से सटे इलाके में कार्रवाई की।
यहां अवैध रूप से बालू लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। उसके बाद कुंडा थाना क्षेत्र के चांदीडीह के समीप भी छापेमारी की गयी, जहां बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इसी क्रम में सारठ थाना क्षेत्र के मणिगढ़ी के समीप भी टीम ने जांच अभियान चलाया। यहां से भी बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया। इसके अलावा मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के मारगोमुंडा चौक के समीप कार्रवाई करते हुए एक अन्य ट्रैक्टर को बालू समेत जब्त किया गया। इस तरह अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल चार ट्रैक्टर जब्त किए गए। खनन विभाग की टीम ने सभी मामलों की जानकारी संबंधित थाना प्रभारियों को दी है। उसके बाद पुलिस ने जब्त ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर उनके चालक और मालिक के बारे में पता लगाना शुरू कर दिया है। वाहनों के पास बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। विभाग की ओर से आगे भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में औचक जांच और छापेमारी जारी रखने की बात कही गयी है। हाल में जसीडीह में भी खान निरीक्षक ने अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त कर पुलिस को सौंपा था।

