चाइनीज मांझे के कारोबार पर शिकंजा, 40 मुकदमे और 56 गिरफ्तार
मेरठ रेंज पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाते हुए 40 मुकदमे दर्ज किए हैं और 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई को तेज करने का निर्देश दिया। चाइनीज मांझा अपने ही नागरिकों के लिए खतरा बन गया है।

प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ मेरठ रेंज पुलिस ने पिछले दो वर्षों में बड़ा अभियान चलाते हुए अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसा है। रेंज में अब तक 40 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जबकि 56 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी ने बताया कि अभियान की समीक्षा के दौरान चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर कई कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। रेंज के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई मेरठ जिले में हुई, जहां 37 मुकदमे दर्ज कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वहीं हापुड़ में तीन मुकदमों में पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई।समीक्षा के दौरान डीआईजी ने बुलंदशहर और बागपत पुलिस को भी अभियान तेज करने और अवैध कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने कहा कि चाइनीज मांझा केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है।


