धौलाना में छापेमारी, सात कुंतल मिलावटी मावा नष्ट
हापुड़ में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन खोया निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। 7 कुंतल मिलावटी मावा नष्ट किया गया और अन्य खाद्य सामग्री को सीज किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हापुड़। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को धौलाना तहसील क्षेत्र के सोलाना-लालपुर में तीन खोया निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर कुल आठ नमूने लिए। सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में करीब 7 कुंतल मिलावटी मावा नष्ट कराया गया, जबकि 268 किलो वनस्पति और 510 किलो एसएमपी सीज किया गया। आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस बल के साथ की गई कार्रवाई में शाहरुख पुत्र हनीफ निवासी लालपुर-सोलाना, प्रदीप कुमार सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी सोलाना और मोमिना पत्नी मोमीन की इकाइयों को जांच के दायरे में लिया गया। शाहरुख के यहां से मावा के दो, एसएमपी और वनस्पति के एक-एक नमूने लिए गए।
प्रदीप के यहां से मावा के दो नमूने, जबकि मोमिना के यहां से रिफाइंड तेल और एसएमपी के नमूने लिए गए। शाहरुख के यहां मिला करीब 7 कुंतल मावा, जिसकी कीमत करीब 1.75 लाख रुपये थी, जब्त कर मौके पर नष्ट कराया गया। मोमिना के यहां से 268 किलो वनस्पति (53,600 रुपये) और 510 किलो एसएमपी (1.78 लाख रुपये) सीज किया गया। कार्रवाई में मेरठ के खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेश पाल, अतीश कुमार और सत्येंद्र सिंह तोमर, गाजियाबाद के खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके वर्मा और अजय सिंह तथा बुलंदशहर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुनेंद्र सिंह राणा और अजय सिंह के साथ स्थानीय टीम शामिल रही।सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


