जिला सम्मेलन के लिए भाकपा माले ने चुने 24 प्रतिनिधि
पूरनपुर में भाकपा माले के नौवें जिला सम्मेलन की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। प्रतिनिधि चुनाव के तहत 24 सदस्यों को चुना गया। जिला सचिव देवाषीस राय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए चुनावी धोखाधड़ी और कार्रवाई की मांग की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी जयंती पर मार्च निकालने का निर्णय लिया।

पूरनपुर। भाकपा माले के नौवें जिला सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को पार्टी कार्यालय में जिला सम्मेलन के लिए प्रतिनिधि चुनाव कराया गया। जिला सचिव देवाषीस राय के पर्यवेक्षण में पूरनपुर ब्लॉक से 24 पार्टी सदस्यों को जिला सम्मेलन के लिए प्रतिनिधि चुना गया। इस मौके पर पार्टी सदस्यों को संबोधित करते हुए जिला सचिव देवाषीस राय ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोगों ने भाजपा के झूठ और कथित वोट चोरी को समझ लिया है। उन्होंने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार समेत वोट चोरी कराने के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
साथ ही कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने और जिला सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य सईद खां, जिला प्रभारी अफरोज आलम, ब्लॉक सचिव देवीदयाल, नगीना राम, प्रहलाद, नरेश वर्मा, इलियास, नन्हें खां समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर पार्टी कार्यालय से गांधी पार्क तक मार्च निकालकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने का निर्णय भी लिया गया।


