राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की न्यायिक जांच हो : सीपीआई
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा मामले की न्यायिक जांच की मांग की। सीपीआई के महासचिव डी. राजा ने कहा कि जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और यह मामला पूरी पारदर्शिता से जांचा जाना चाहिए। उन्होंने महिला आरक्षण और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का भी समर्थन किया।

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने शुक्रवार को अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की। पार्टी ने कहा कि मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए। संसद के मानसून सत्र से पहले आयोजित प्रेस वार्ता में सीपीआई के महासचिव डी. राजा ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने लोगों के विश्वास को ठेस पहुंचाई है और केवल इस्तीफे देना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए, जो पूरी तरह पारदर्शी हो और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजा ने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से इसका समर्थन करती रही है।
उन्होंने परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं को लेकर संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की भी वकालत की।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


