दहेज के लिए महिला सिपाही की हत्या में दोषी पति को दस वर्ष की सजा
मुजफ्फरपुर में एक न्यायालय ने महिला सिपाही गुंजन कुमारी की दहेज के लिए हत्या में दोषी पति राहुल कुमार को दस वर्ष कारावास की सजा सुनाई। गुंजन की शादी 29 मई 2023 को हुई थी, जिसके बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया था। मामला कोर्ट में सहायक अभियोजक द्वारा साक्ष्यों के आधार पर चलाया गया।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के गायघाट थाना के बेनीबाद ओपी में तैनात कटihar की महिला सिपाही गुंजन कुमारी की दहेज के लिए हत्या में दोषी पति राहुल कुमार को कोर्ट ने दस वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। राहुल कटihar जिले के नगर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गोढ़ी टोला का रहने वाला है। सेशन-ट्रायल के बाद जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-आठ माधवेंद्र सिंह ने बुधवार को उसे सजा सुनाई। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक राधाकांत प्रसाद ने कोर्ट में साक्ष्यों को पेश किया। इसमें अधिवक्ता राधामोहन सिंह ने सहयोग किया।
किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला था शव :
महिला सिपाही के भाई मधेपुरा जिले के रतवारा थाने के भवानीपुर बासा गांव के नीतीश कुमार ने 27 सितंबर 2023 को गायघाट थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। कहा था कि उसकी बहन गुंजन कुमारी 2018 में मुजफ्फरपुर जिला पुलिस बल में बहाल हुई थी। बेनीबाद ओपी में वह प्रतिनियुक्त थी और वहीं किराए के मकान में पति के साथ रहती थी।
दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया :
भाई ने बताया था कि 29 मई 2023 को गुंजन की शादी कटिहार के राहुल कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद गुंजन का पति राहुल कुमार, सास विशाखा देवी, ससुर विभूति सिंह,देवर आशीष कुमार व ननद प्रियंका भारती पैसे के लिए उलाहना देकर प्रताड़ित करने लगे। इससे बचने के लिए गुंजन ने बैंक से दस लाख रुपये कर्ज लेकर पति को दिया था। वहीं, हत्या से एक सप्ताह पहले गुंजन ने बैंक से कर्ज पर एक कार खरीद कर भी दी थी।
हत्या के आरोप और जांच :
नीतीश ने बताया कि 26 मई को मोबाइल पर उसकी बहन की मौत की सूचना मिली। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन की दहेज व सरकारी लाभ के लिए हत्या कर शव को किराए के कमरे में फंदे से लटकाया गया। इसमें पति, सास, ससुर, देवर व ननद को आरोपित बनाया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 22 नवंबर 2023 को राहुल कुमार के विरुद्ध कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।

