नाबालिग से दुष्कर्म व जबरन शादी के दोषी को 20 वर्ष की सश्रम कैद, 1.01 लाख जुर्माना

हिन्दुस्तान, कन्नौज
share

विशेष न्यायालय ने शादी का झांसा देकर नाबालिग का अपहरण और दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को 20 साल की सजा सुनाई है। मामले में पीड़िता के गर्भवती पाए जाने पर आरोपी पर 1,01,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। अदालत ने कहा कि जुर्माने की राशि पीड़िता के इलाज में काम आएगी।

नाबालिग से दुष्कर्म व जबरन शादी के दोषी को 20 वर्ष की सश्रम कैद, 1.01 लाख जुर्माना

​कन्नौज, संवाददाता। विशेष न्यायालय पॉक्सो एक्ट की अदालत ने शादी का झांसा देकर नाबालिग का अपहर और दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के गंभीर मामले में कड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए बीस साल सश्रम कैद की सजा सुनाई है। साथ ही अदालत ने उस पर 1,01,000 रुपये का अर्थ दंड लगाया है।अर्थदंड जमा न करने पर आरोपी को दो साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। ​सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता ब्रजेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि 28 जून 2024 को पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शिवम उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और पीड़िता को बरामद कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। विवेचना के दौरान पीड़िता के गर्भवती पाए जाने पर मुकदमे में रेप धारा और पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। मामले में आरोपी की अभियोजन ने 7 गवाहों व दस्तावेजी साक्ष्यों के बल पर जुर्म साबित किया। अदालत ने गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के इन्द्रानगर निवासी अभियुक्त शिवम कश्यप को अपहरण में 7 वर्ष के कारावास व 1,000 रुपये जुर्माना तथा पाक्सो और रेप के तहत 20 वर्ष के कठोर कारावास और 1,00,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी। कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया कि जुर्माने की कुल 1,01,000 रुपये की राशि पीड़िता के इलाज व पुनर्वास हेतु दी जाएगी। जिला शासकीय अधिवक्ता सुधीर पाण्डेय ने बताया कि यह फैसला बाल अपराधों के खिलाफ अभियोजन की प्रभावी पैरवी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ठोस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोषी को सजा दिलाकर पीड़िता को न्याय दिया गया है, जिससे समाज में कड़ा संदेश जाएगा。

पीड़िता का पक्षद्रोही बयान भी न बचा सका आरोपी को

​अदालत में सुनवाई के दौरान पीड़िता ने अभियुक्त के पक्ष में बयान देते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी, मंदिर में शादी की और गर्भवती है। उसने खुद को बालिग भी बताया। हालांकि, कोर्ट ने कानूनी सिद्धांतों का हवाला देते हुए कहा कि जब पीड़िता कानूनन नाबालिग है, तो उसकी सहमति का विधिक रूप से कोई महत्व नहीं रह जाता। स्कूल रिकॉर्ड और मेडिकल जांच से नाबालिग सिद्ध होने पर अदालत ने अभियुक्त को दुष्कर्म का दोषी माना।

उम्र विवाद पर मेडिकल जांच बनी सजा का मुख्य आधार

​मामले में पीड़िता की उम्र को लेकर विरोधाभास था। एक स्कूल रजिस्टर के मुताबिक उसकी जन्मतिथि 2006 (बालिग) थी, जबकि हाईस्कूल प्रमाणपत्र में 2009 दर्ज थी। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के नज़ीरों और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 94 का पालन करते हुए मेडिकल बोर्ड द्वारा कराई गई एक्सरे/अस्थि जांच (ऑसिफिकेशन टेस्ट) को प्राथमिकता दी। मेडिकल रिपोर्ट में उम्र 18 वर्ष से कम प्रमाणित होने पर आरोपी की बचाव दलीलें खारिज हो गईं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट कब दर्ज कराई थी?−
28 जून 2024 को पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsनाबालिग से दुष्कर्म व जबरन शादी के दोषी को 20 वर्ष की सश्रम कैद, 1.01 लाख जुर्माना