कोर्ट के आदेश पर सात माह बाद दो पर मुकदमा
सांडी में दलित परिवार पर हमले के आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सात महीने बाद एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर हमला किया, जिससे गंभीर चोट आई। शिकायत न सुनने पर परिवार ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

सांडी। दरवाजे के सामने दीवार खड़ी करने की शिकायत से नाराज होकर घर में घुसकर दलित परिवार पर हमला करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने करीब सात माह बाद दो आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गांव हसौलिया निवासी शक्तिमान ने दर्ज कराए गए मुकदमे में बताया कि गांव के श्यामू और मोहित ने उसके घर के सामने दीवार खड़ी कर दी थी। इसकी शिकायत उसके पिता बलवीर ने थाने में की थी। आरोप है कि इसी रंजिश में 5 जनवरी को दोनों आरोपी उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई। बचाने पहुंची पत्नी किरन और पिता बलवीर के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी आर.एस. सोंतकर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


