बेटी की शादी के लिए पिता को मिली आठ दिन की मिली अंतरिम जमानत
अदालत से: गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। गुरुग्राम की एक अदालत ने मानवीय फैसला सुनाते हुए अवैध हथियार मामले में बंद आरोपी इकबाल उर्फ बल्लू को उसकी बेटी क

गुरुग्राम, गौरव चौधरी। गुरुग्राम की एक अदालत ने मानवीय फैसला सुनाते हुए अवैध हथियार मामले में बंद आरोपी इकबाल उर्फ बल्लू को उसकी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए आठ दिनों की अंतरिम जमानत मंजूर कर ली है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वर्षा जैन की अदालत ने सामाजिक और मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आदेश पारित किया। 29 जुलाई 2026 को थाना सदर गुरुग्राम में मामला दर्ज हुआ। पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-39 के हवलदार सुनील व उनकी टीम सुभाष चौक के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मार्बल मार्केट सेक्टर-34 के पास से गांव खरखड़ी निवासी मनीष नाम के युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर मनीष के पास से एक कट्टा बरामद हुआ, जिसका लाइसेंस वह पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मनीष के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मनीष के खुलासे के आधार पर 15 अगस्त 2026 को इकबाल निवासी गांव खरखड़ी, तहसील तावडू, जिला नूंह को मामले में नामजद कर गिरफ्तार किया गया और मामले में शस्त्र अधिनियम की धारा 29 भी जोड़ी गई.
अदालत में जमानत याचिका पर बहस
आरोपी इकबाल के वकील गौरव वशिष्ठ ने अदालत में 20 दिनों की अंतरिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की। उन्होंने तर्क दिया कि आरोपी 16 अगस्त 2026 से न्यायिक हिरासत में है। उसकी सगी बेटी अरमीना की शादी 27 सितंबर 2026 को तय हुई है। मुस्लिम रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार शादी के विभिन्न रस्मों-रिवाजों में पिता की मौजूदगी बेहद जरूरी होती है। वकील ने कोर्ट को बताया कि इकबाल के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और परिवार में ऐसा कोई अन्य बुजुर्ग पुरुष सदस्य नहीं है जो पिता की जिम्मेदारियों को निभा सके.
लोक अभियोजन का विरोध
लोक अभियोजन नीरज अत्री ने जमानत अर्जी का कड़ा विरोध किया। अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि आरोपी इकबाल के खिलाफ पहले से ही विभिन्न आपराधिक मामलों में 27 अन्य केस दर्ज हैं। हालांकि, अभियोजन पक्ष ने यह स्वीकार किया कि आरोपी की बेटी की शादी 27 सितंबर को तय है और उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। इस संबंध में नूंह जिले के गांव खरखड़ी के सरपंच की रिपोर्ट भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत की गई। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वर्षा जैन ने अपने आदेश में कहा कि बेटी की शादी जैसा सामाजिक व पारिवारिक अवसर पिता की उपस्थिति की मांग करता है। मुस्लिम परंपराओं में पिता की भूमिका अहम है, इसलिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आरोपी को सशर्त राहत दी जाती है.

