सर्किट हाउस रोड के बहुचर्चित मामले में बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट विकास गुप्ता की अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए 12 अपीलों को खारिज कर दिया। ये अपीलें कथित रूप से अनुसूचित जाति के लोगों के आवासों को तोड़े जाने की कार्रवाई और संबंधित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर दायर की गई थीं। अदालत के फैसले के बाद वादी पक्ष ने हाईकोर्ट का रुख करने की बात कही है।
सहारनपुर में एससी-एसटी एक्ट के विशेष न्यायाधीश ने 12 अपीलों को खारिज कर दिया। अपीलें अनुसूचित जाति के लोगों के आवासों को तोड़े जाने की कार्रवाई के खिलाफ थी। वादियों ने कार्रवाई को समयसीमा से पहले शुरू करने और अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करने की योजना है।

सहारनपुर। सर्किट हाउस रोड के बहुचर्चित मामले में बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट विकास गुप्ता की अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए 12 अपीलों को खारिज कर दिया। ये अपीलें कथित रूप से अनुसूचित जाति के लोगों के आवासों को तोड़े जाने की कार्रवाई और संबंधित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर दायर की गई थीं। अदालत के फैसले के बाद वादी पक्ष ने हाईकोर्ट का रुख करने की बात कही है। करण सिंह, अरविंद, अजय कुमार, अनिल कुमार, जोगेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, राज सिंह, नरेश, नरेश कुमार, हंसराज सिंह, पिंकी और अनीता ने अलग-अलग अपील दाखिल की थी। वादियों का कहना था कि वे अनुसूचित जाति से हैं और उनके परिवार कई वर्षों से हसनपुर सर्किट हाउस रोड स्थित रजबहे की कच्ची पटरी पर रह रहे हैं।
प्रकरण की पृष्ठभूमि
वादियों के अनुसार, सिंचाई विभाग की जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए अधिशासी अभियंता अपर खंड पूर्वी यमुना नहर प्रवीण जौशिया की ओर से 28 मार्च 2026 को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में चार अप्रैल तक जमीन कब्जामुक्त करने की समयसीमा दी गई थी। आरोप है कि कार्रवाई निर्धारित समय से पहले एक अप्रैल को शुरू कर दी गई, जिससे उनके मकान क्षतिग्रस्त हुए। पीड़ितों ने एसडीएम सदर सुबोध कुमार, नगर आयुक्त शिपू गिरि, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण खंड धर्मेंद्र सिंह, लेखपाल सचिन प्रजापति, थाना सदर बाजार प्रभारी कपिल देव, थाना कुतुबशेर प्रभारी एचएन सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार समेत पुलिस-प्रशासन के 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया था। वादियों ने अधिकारियों पर आपराधिक षड्यंत्र और संगठित अपराध का आरोप लगाया था। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद सभी अपीलें खारिज कर दीं। अधिवक्ता राजकुमार ने कहा कि फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की जाएगी।
शिकायत के आधार
0-नोटिस की समयसीमा से पहले कार्रवाई का आरोप
-वादियों का आरोप है कि सिंचाई विभाग की जमीन खाली कराने के लिए 28 मार्च को नोटिस जारी कर चार अप्रैल तक की समयसीमा दी गई थी। इसके बावजूद एक अप्रैल को ही कार्रवाई शुरू कर दी गई। उनका दावा है कि कार्रवाई के दौरान उनके मकान क्षतिग्रस्त हुए और अधिकारियों से शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार किया गया।
अगला कदम
0-फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की तैयारी
-विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट की अदालत द्वारा 12 अपीलें खारिज किए जाने के बाद वादी पक्ष ने आगे न्यायिक लड़ाई जारी रखने की बात कही है। पीड़ितों के अधिवक्ता राजकुमार के अनुसार, अदालत के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर की जाएगी। वादी पक्ष अपने आरोप और आपत्तियां वहां रखेगा।


