अफीम काश्तकारी फर्जीवाड़े में जमानत अर्जी खारिज
हिन्दुस्तान, बरेली
बरेली में मृत अफीम काश्तकार के नाम पर फर्जी तरीके से अफीम की फसल उगाने के मामले में कोर्ट ने दो आरोपियों, राजेश्वर सिंह और छत्रपाल, की जमानत अर्जी खारिज कर दी। रिपोर्ट में कहा गया कि उनके द्वारा मृत कृष्णा देवी की कृषि भूमि पर अवैध फसल की गई थी। मामले में चार्जशीट पेश की जा चुकी है।

बरेली। मृत अफीम काश्तकार के नाम पर फर्जी तरीके से अफीम की फसल करने के चर्चित मामले में विशेष जज कमलेश्वर पाण्डेय की विशेष कोर्ट ने इंटर कॉलेज के प्रवक्ता राजेश्वर सिंह व अफीम लंबरदार छत्रपाल की जमानत अर्जी को खारिज कर दिया। विशेष लोक अभियोजक पंकज महंत ने बताया कि थाना सिरौली में गुरवा गांव के अनुज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी दादी कृष्णा देवी के कृषि भूमि गाटा संख्या 41 पर अफीम की काश्तकारी का पट्टा स्वीकृत हुआ था। इसी दौरान दादी की मृत्यु हो गई। अफीम लंबरदार छत्रपाल और राजेश्वर ने जालसाजी कर अपनी जमीन पर कृष्णा देवी के नाम से अफीम की फसल कर ली।
इस प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी विशेष कोर्ट में पेश हो चुकी है। दोनों आरोपी विशेष कोर्ट में सरेंडर कर जेल गये थे।

