--एसएससी जीडी कांस्टेबल ऑनलाइन परीक्षा में फर्जीवाड़ा कराने वाले आरोपियों की जमानत याचिका खारिज
ग्रेटर नोएडा की जिला न्यायालय ने एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी। STF ने परीक्षा केंद्र पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अदालत ने कहा कि आरोपियों की भूमिका स्पष्ट है और मामला गंभीर है, इसलिए जमानत नहीं दी जा सकती।

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। जिला न्यायालय ने एसएससी जीडी कांस्टेबल ऑनलाइन परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर और सॉल्वरों के माध्यम से नकल कराने वाले गिरोह से जुड़े आरोपी संदीप, साकिर और विवेक की जमानत याचिका खारिज कर दी। पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को एसटीएफ नोएडा को सूचना मिली थी कि ग्रेटर नोएडा स्थित बोधी तारू इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र पर आयोजित एसएससी जीडी कांस्टेबल ऑनलाइन परीक्षा में अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर प्रॉक्सी सर्वर और दूरस्थ स्थानों पर बैठे सॉल्वरों की मदद से प्रश्नपत्र हल कराए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने परीक्षा केंद्र और गाजियाबाद में एक साथ छापेमारी की थी।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में मोबाइल फोन, एडमिट कार्ड, एंट्री कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद होने का दावा किया गया है। हालांकि न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक की भूमिका में था। उसे इस बात की जानकारी थी कि कुछ अभ्यर्थियों के कंप्यूटर का नियंत्रण प्रॉक्सी सर्वर के माध्यम से लेकर प्रश्नपत्र हल कराया जा रहा है। आरोपी इस पूरी प्रक्रिया का हिस्सा थे और इनकी भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने जमानत आवेदन निरस्त कर दिया।


